PM नरेंद्र मोदी कुछ ही देर में चंडीगढ़ पहुंचेंगे, बम ब्लास्ट की धमकी के बाद एजेंसियां अलर्ट
चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर है। पीएम की विजिट को लेकर ट्राइसिटी पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में सुरक्षा एजेंसियों ने सड़क, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, होटल, गेस्ट हाउस और सीमावर्ती क्षेत्रों तक अभेद्य सुरक्षा घेरा बना दिया है। प्रधानमंत्री चंडीगढ़ में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे जबकि मोहाली और कालका रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण भी करेंगे।
कई रूटों पर स्कूल बसें नहीं चलेंगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के मद्देनजर कई निजी स्कूलों ने अभिभावकों से बच्चों को स्वयं स्कूल लाने और ले जाने की अपील की है।
सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण नयागांव, पीजीआई, सेक्टर-11, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज, खुड्डा अलीशेर और खुड्डा लाहौरा क्षेत्र में स्कूल बस सेवा प्रभावित रहेगी। स्कूलों ने अभिभावकों से समय पर बच्चों को स्कूल पहुंचाने और छुट्टी के बाद उन्हें लेने का अनुरोध किया है ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
1200 से अधिक पुलिस और सुरक्षा जवान तैनात
शहर में 1,200 से अधिक पुलिस और सुरक्षा जवान तैनात कर दिए गए हैं जबकि प्रधानमंत्री की सुरक्षा की कमान एसपीजी ने संभाल ली है। कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहेंगे।
पीएम दौरे से पहले बम की फर्जी धमकी
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले पुलिस कंट्रोल रूम में बम की सूचना मिलने से वीरवार रात सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। रात करीब 9:30 बजे मिली कॉल के बाद एसएसपी कंवरदीप कौर के नेतृत्व में ऑपरेशन सेल, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने कार्यक्रम स्थल व आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक सघन तलाशी अभियान चलाया लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जांच के दौरान कॉल की लोकेशन सेक्टर-24 और सेक्टर-25 के आसपास ट्रेस हुई। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के बाद सेक्टर-24 निवासी अविनाश को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसी ने प्रधानमंत्री की रैली स्थल पर बम होने की झूठी सूचना दी थी। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। वह शराब का आदी है और घटना के समय भी नशे में था। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि धमकी पूरी तरह फर्जी थी लेकिन प्रधानमंत्री के दौरे की सुरक्षा में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
हरियाणा सीएम कार्यालय और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी
पीएम के चंडीगढ़ आने से पहले हरियाणा सीएम कार्यालय और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी वाली ईमेल से हड़कंप मच गया है। धमकी भरे ईमेल में स्कूलों और जींद का भी जिक्र किया गया है। पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। साइबर टीम ने जांच शुरू कर दी है।